जिले में हुई दो लूटकांड की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट की घटनाओं में शामिल छह अरोपियों को असलहे और लूटे गए माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
एक अगस्त 2017 को शहर के प्राइवेट बस स्टैंड में विनोद कुमार अग्रवाल की किराना की दुकान में घुसकर बदमाशों ने 50 हजार रुपये की लूटपाट की थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर नानाबाबू शर्मा निवासी इकोना जिला श्रावस्ती, प्रवेश मिश्रा निवासी पयागपुर थाना बहराइच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी ने बताया कि अभियुक्त अंतरराज्जीय गिरोह के सक्रिय सदस्य है। उनके खिलाफ हमीरपुर के अलावा एमपी के छतरपुर जिले में भी मुकदमा पंजीकृत हैं।
चार दिन पहले थाना कबरई के रिवई गांव सुनेचा के पास चार सशस्त्र बदमाशों ने ट्रक चालक से 11,500 रुपये की लूट ली थी। पुलिस ने चारों लुटेरों को लूटे गए माल समेत गिरफ्तार कर लिया है।
अब्बास पुत्र सिराजुल हसन निवासी खालीडेरा हुसैनगंज जिला फतेहपुर ट्रक से गिट्टी भरने बम्हौरीखुर्द जा रहा था। तभी रिवई सुनेचा के पास बदमाशाें ने ट्रक चालक से 11500 रुपये लूट लिए।
पुलिस ने सोमवार को शैलेंद्र, जोगन सिंह, इंद्रपाल, कल्लू सिंह निवासी रिवई सुनेचा व अटघार जिला महोबा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश गांव के सामने से ट्रक निकलने पर वसूली करते थे। न देने पर लूटपाट करते थे।
घटना में प्रयुक्त की गई थी देशी बंदूक भी बरामद की। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कबरई बलजीत सिंह, एसआई धनंजय कुमार व हरिवीर सिंह, मनीष कुमार, बृजेश कुमार, शिवनारायण पुलिस कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस ने दो लूट की घटनाओं का किया खुलासा