कबरई (महोबा)। पत्थर मंडी में ओवरलोड ट्रकों को अधिकारियों की लोकेशन लेकर निकलवाने का मामला थम नहीं रहा है। कबरई मंडी से ओवरलोड गाड़ी की लोकेशन आगे पीछे देकर ट्रक निकलवाते सात लोगों को खनिज विभाग और पुलिस टीम ने बांदा रोड से पकड़ लिया। इस दौरान टीम ने 36 ओवरलोड ट्रकों को भी सीज किया है। हालांकि पुलिस द्वारा इतने बड़े मामले में आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
खनिज विभाग और कबरई पुलिस को रविवार की देर रात ओवरलोड वाहन लोकेशन लेकर निकलवाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खनिज अधिकारी अंजनी कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ हाईवे पर बांदा रोड पहुंचे। जहां से टीम ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को अफसरों के न होने की लोकेशन देकर मोबाइल से बात करते हुए गाड़ियां पास कराते पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में सरफराज निवासी नरायच थाना मौदहा, अनिल, अली हुसैन, रवि कुमार, गोपाल, विनीत व विजय आदि शामिल हैं। जिनके पास से एक चार पहिया वाहन व मोटरसाइकिल बरामद की गई।
खनिज अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि लोकेशन देकर गाड़ियों को निकलवाने वालों के साथ तीन दर्जन ओवरलोड ट्रकों को कबरई थाने में सीज करा दिया गया है। पकड़े गए युवकों को थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। ओवरलोडिंग किसी भी कीमत पर नहीं चलने दी जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष का कहना है कि बांदा रोड से सात लोगों को आपस में झगड़ते पकड़ा गया था। जिनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। एक सप्ताह पहले भी ट्रकों को निकलवाने के मामले में कुछ युवकों को पकड़ा गया था लेकिन बाद में उन्हें शांतिभंग में भेजा गया था। दोषियों पर ठोस कार्रवाई न होने से ट्रकों को निकलवाने का गोरखधंधा जारी है।
ओवरलोड वाहनों की निकासी कराने वाले सात युवक गिरफ्तार