खरेला (महोबा)। कस्बा खरेला के मोहल्ला सादराय में घरेलू बंटवारे को लेकर विधवा बहू पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना के 11 दिन बाद झांसी से उपचार कराकर लौटी पीड़िता ने थाने पहुंचे रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की विवेचना करते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मोहल्ला सादराय निवासी सोमवती के पति गयादीन अहिरवार की एक वर्ष पहले मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद महिला अपने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ अलग रहकर मजदूरी करके गुजारा करती थी। मकान के हुए बंटवारे में ससुर द्वारा कब्जा न देने को लेकर 19 अप्रैल की शाम सास से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर ससुर भी आ गया और कुल्हाड़ी से बहू सोमवती पर जानलेवा हमला कर दिया था। धारदार कुल्हाड़ी से प्रहार किए जाने पर महिला बुरी तरह घायल हो गई थी। जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी से मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया था। झांसी में 11 दिन चले इलाज के बाद महिला की हालत में सुधार हुआ। बुधवार को घर लौटी पीड़िता ने थाना खरेला पहुंच घटना की तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुर छिदिया और सास संतोषरानी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।