महोबा। जिलाधिकारी सहदेव एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था की बैठक हुई, जिसमें जिलाधिकारी ने एंटी-भू-माफिया के तहत प्रकरणों को अभियान चलाकर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने के मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में होने वाले अपराधोें के निस्तारण आदि की समीक्षा की। डीएम ने सभी एसडीएम व सीओ को निर्देशित किया कि वे किसी भी प्रकार के दबाव में न आकर बिना भय के निष्पक्षतापूर्ण कार्य करें। थाना समाधान दिवस में दोनों पक्षों को बुलाकर ज्यादा से ज्यादा प्रकरणों का सुलह कराकर निस्तारण कराएं। बैठक में डीएम ने अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी पैरवी करें, जिससे अपराधियों को जमानत न मिल सके और अपराधियों में भय व्याप्त रहे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है। जिले में संचालित पहाड़ों में भी भारी मात्रा में विस्फोटक रखा जा रहा है। इसके लिए खनिज विभाग पुलिस के साथ पट्टों का सत्यापन कर पट्टों की वैद्यता व क्षेत्रफल की रिपोर्ट देंगे, जिससे अवैध खनन को रोकने में आसानी होगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक वंशराज यादव, उपजिलाधिकारी सदर राजेश यादव, अरूण कुमार, जंगबहादुर यादव, क्षेत्राधिकारी सदर जितेंद्र दुबे, डीजीसी इंद्रपाल सिंह सहित अन्य शासकीय अधिवक्ता एवं अधिकारी मौजूद रहे।
बिना भय व दबाव के निष्पक्ष काम करें अधिकारी-डीएम
- कानून व्यवस्था की बैठक में अपराधों की हुई समीक्षा