श्रीगनर (महोबा)। थाना क्षेत्र के ग्राम बिलरही में एक शराबी ग्रामीण द्वारा आए दिन शराब पीकर पड़ोसी के साथ गालीगलौज कर अभद्रता करने से आहत पड़ोसी ने ग्रामीण पर कुल्हाड़ी से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। खून से लथपथ हालत में ग्रामीण को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर ले जाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
ग्राम बिलरही निवासी पप्पू कुशवाहा (30) पुत्र रामदयाल कुशवाहा शराब के नशे में अपने पड़ोसी घनश्याम के घर में जाकर आएदिन गालीगलौज करता था और महिलाओं से भी अभद्रता करता था। शुक्रवार को पप्पू कुशवाहा सुबह से ही नशे की हालत में उसके घर पहुंच गया और गालीगलौज करने लगा। घनश्याम साहू के मना करने पर उसे भी गाली देने लगा। इससे आहत होकर घनश्याम ने ग्रामीण पर कुल्हाड़ी से हमलाकर दिया। सिर पर कुल्हाड़ी लगने से खून से लथपथ हालत में पप्पू कुशवाहा नीचे गिर गया। ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट थाना श्रीनगर में दर्ज करा दी है। पुलिस ने अभियुक्त को घर में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है।