बड़ौत की घनश्यामगंज मंडी में व्यापारी के यहां चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम सुगिरा में बुधवार की रात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए 50 हजार की नगदी सहित करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर और कपड़े चोरी कर लिए। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली कुलपहाड़ में सौंप दी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
ग्राम सुगिरा निवासी हलीम बुधवार को कस्बा राठ में आयोजित उर्स में शामिल होने के लिए पत्नी के साथ गया था। रात में ताला तोड़ कर घुसे चोरों ने माल पार कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर गुरुवार को घर लौटे हलीम ने पुलिस को जानकारी थी। बताया कि चोर मकान से 50 हजार की नगदी के अलावा डेढ़ लाख के जेवर ले गए। पीड़ित ने बताया कि वह गांव में फेरी लगाकर कपड़े बेचता है। चोर 25 हजार की साड़ियां व पांच हजार कीमत के सूट भी ले गए है। घटना में करीब दो लाख रुपये की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है।
सोते रहे परिजन एक लाख का माल ले गए चोर
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पचराहा में चोरों ने एक मकान में धावा बोलकर नगदी सहित एक लाख का माल उड़ा दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य गहरी नीद में सोते रहे। ग्राम पचराहा निवासी बालकेश पुत्र बारेलाल बुधवार की रात परिवार के साथ गहरी नींद में सो रहा था तभी चोरों ने दीवार फांदकर मकान के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखी 5 हजार की नगदी सहित एक लाख का माल उड़ा दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर सौंप दी है। पुलिस जांच में जुट गई है।