महोबा। तीन दिन पहले पूर्व राजमंत्री कुंवर बादशाह सिंह के बेटे द्वारा खरेला कस्बे के मोहल्ला रायसिंह में मचाए गए उत्पात को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित की गई तीन टीमों ने शुक्रवार की रात को पूर्व राजमंत्री के बेटे शिवा सिंह की गिरफ्तारी के लिए उनके मध्य प्रदेश में बने कृषि फार्म हाउस सहित अन्य ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर रहा।
कस्बा खरेला के मोहल्ला रायसिंह के कालू अहिरवार को बंधक बनाने व अपने साथियों के साथ घर पर जाकर दलितों की मारपीट करने के मामले में पुलिस अधीक्षक की सख्ती के चलते गठित की गई तीनों टीमें शिवा सिंह की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह दबिश दे रही है। शुक्रवार की शाम को सीओ चरखारी दिनेश कुमार, थानाध्यक्ष आरबी जैदी, थानाध्यक्ष श्रीनगर वीरप्रताप सिंह चौहान ने पुलिस टीम के साथ पूर्व राजमंत्री के एमपी में बने ठिकानों को पूरी रात खंगाला। शनिवार को सुबह पांच बजे तीनों टीमों खाली हाथ लौट आई।
दो दिन से टीमों द्वारा जगह जगह दबिश देने के बाद भी कामयाबी न मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए। उधर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से दलित परिवार सहमा हुआ है। खरेला पुलिस ने आज सारा दिन खरेला कस्बे में जगह जगह दबिश दी।
पूर्व राजमंत्री के बेटे की गिरफ्तारी को एमपी के कई ठिकानों पर छापा