पनवाड़ी (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में ग्राम महुआ मोड़ के पास दो रोडवेज बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चीख-पुुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया। जहां से यात्रियों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दोनों रोडवेज बसें महोबा डिपो की है।
शुक्रवार को रोडवेज बस सवारियां लेकर महोबा आ रही थी। महोबा से महोबा डिपो की बस यहां से सवारियां लेकर राठ जा रही थी। जैसे ही दोनों रोडवेज बसें महुुआ मोड़ के पास पहुंची। तभी मोड़ के कारण दोनों ड्राईवर एक-दूसरी गाड़ियों को नहीं देख सके, जिससे आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बसों की दुर्घटना के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर खेतों में काम रहे किसान और राहगीर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बसों में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया। दुर्घटना के बाद दोनों बसों के चालक बसे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ देवेंद्र सिंह, तहसीलदार सुबोधमणि शर्मा, नायब तहसीलदार अमरचंद्र मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद अस्पताल में यात्रियों का हालचाल जाना। घायलों की हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल महोबा के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में हर्षित सोनी (22) पुत्र अनंत सोनी बनियाटपुरा पनवाड़ी, रोशन (18) पुत्री गंगाराम पाठकपुरा उरई, मीनू (21) पत्नी रामभुवन ग्राम भगवा राठ, गोविंददास (42) पुत्र मदनलाल अहिरवार ग्राम आटा जालौन, भागीरथ (30) पुत्र बलदेव रैक्वार निवासी रेलवे कॉलोनी महोबा, उदयभान (25) पुत्र महादेव राजपूत ग्राम छिकहरा महोबा, जितेंद्र (28) पुत्र चंदू अहिरवार आटा जालौन, उमेर सिंह (35) पुत्र रामेश्वर सिंह, राजकुमार (16) निवासी महोबा, श्यामचरण (30) पुत्र जगदीश ग्राम बसौठ खरेला शामिल है।
रोडवेज बसों की आमने-सामने भिड़ंत, 12 यात्री घायल
-घायलों को जिला अस्पताल महोबा किया रेफर