अजनर (महोबा)। एक गांव में कार सवार तीन युवक किशोरी को अगवा कर ले गए। कार में ही तीनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी हालत में नदी किनारे फेंक गए। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट व किशोरी के बयान के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी बुधवार की रात घर पर थी। तभी पड़ोसी ने आकर दरवाजा खटखटाया। कुंडी खोलने पहुंची किशोरी को युवक खींचकर ले गए और चार पहिया वाहन में बैठा लिया। कार में पहले से दो लोग सवार थे। किशोरी का आरोप है कि नशीला पदार्थ मिला पानी पिलाकर तीनों युवकों ने कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में गांव के बाहर नदी किनारे फेंक गए। गुरुवार की सुबह परिजन किशोरी की तलाश करते हुए पहुंचे तो नदी किनारे अचेत अवस्था में मिली। होश में आने पर पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना बताई। थानाध्यक्ष लाखन सिंह का कहना है कि मामला किशोरी को भगा ले जाने का है। लक्का व दो अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी।