कुलपहाड़ (महोबा)। कांशीराम कॉलोनी में एक युवक ने फांसी लगा ली। वह इकलौती बहन के सजातीय युवक से निकाह करने से दुखी था। हालांकि पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
कांशीराम कॉलोनी निवासी मोहम्मद तौफीक (19) ने बुधवार की रात कमरे में फांसी लगा ली। मृतक के बड़े भाई फिरोज ने बताया कि एक सप्ताह पहले इकलौती बहन ने कस्बे के ही सजातीय युवक से निकाह कर लिया था। इससे छोटा भाई दुखी हो गया था और घर से चला गया था। परिवार के लोग किसी तरह उसे मनाकर दोबारा घर ले आए थे। वह लगातार इस मामले में परेशान था। रात में सभी लोग भोजन करने के बाद सो गए। तभी तौफीक ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। कुछ माह पहले मृतक की मां की भी मौत हो चुकी है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।