महोबा। गांधीनगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजनों पर मारपीट के बाद पुत्री को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली कुलपहाड़ के रावतपुरा खुर्द निवासी बालकिशन ने अपनी पुत्री निशा की शादी 30 मई 2021 को शहर के गांधीनगर निवासी अभिषेक के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन 50 हजार नकद व बाइक की मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर निशा को प्रताड़ित किया जाने लगा। शनिवार को निशा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिता का कहना है कि शादी के समय पांच लाख रुपये नकद दिए गए थे। निशा गर्भवती थी। दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और फांसी पर लटका दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने घटना की सूचना भी नहीं दी। पड़ोसियों की सूचना पर वह अस्पताल पहुंचे। वहां उसकी पुत्री मृत मिली। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति अभिषेक, ससुर भइयन, सास गायत्री, ननद प्रीति, माया, पवन व एक अन्य परिजन के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।