दुकानों में लगी आग बुझाते दमकलकर्मी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। शहर के कल्याण सागर में दो दुकानों में अचानक लगी भीषण आग से दो लाख रुपये कीमत का माल जल गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पीड़ितों ने अराजकतत्वों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल्याण सागर स्थित मोक्षधाम के समीप अशरफ की लकड़ी की टाल और चम्पी की कबाड़ की दुकान है। शुक्रवार की देर शाम दोनों दुकानदार दुकान बंद करके घर चले गए। शनिवार की सुबह लकड़ी के टाल में अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने बगल में स्थित कबाड़ की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों ने दमकल व कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक टाल में रखी लकड़ी व कबाड़ का सामान जलकर बर्बाद हो गया। पीड़ितों ने दुकानों में जान-बूझकर आग लगाए जाने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि कबाड़ की दुकान में आग लगी थी। जिसे बुझा दिया गया था। लकड़ी के टाल में कोई नुकसान नहीं है। मामले की जांच कराई जा रही है।