महोबा। शहर के मोहल्ला डाकबंगला में किराए के मकान में रहने वाले युवक ने मंगलवार की रात अवैध तमंचे से खुद को गोली मारकर जान देने का प्रयास किया था। इस मामले में पुलिस ने कमरे से अवैध तमंचा बरामद किया था। कोतवाली प्रभारी ने गोली मारकर जान देने का प्रयास करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
अजनर थाना क्षेत्र के लेवा गांव निवासी राहुल तिवारी पांच माह पहले शादी के बाद से शहर में किराए का मकान लेकर रह रहा था। 28 दिसंबर की रात उसने अवैध तमंचे से खुद को गोली मार ली थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से अवैध तमंचा बरामद किया था। युवक का आरोप था कि पत्नी और सास की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि अवैध तमंचे की बरामदगी होने पर राहुल तिवारी के खिलाफ ऑर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायल के पक्ष से अभी तक किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी गई है। घटना की जांच कराई जा रही है।