महोबा। एसपी सुधा सिंह के निर्देश पर विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गुुुरुवार को थाना कुलपहाड़, महोबकंठ व चौकी बेलाताल की संयुक्त पुलिस टीम ने कबूतरा डेरा सौंरा में छापा मारा। पुलिस ने अवैध शराब भट्ठी का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने 720 लीटर अवैध कच्ची शराब व 13 क्विंटल लहन बरामद किया।
सीओ कुलपहाड़ तेजबहादुर सिंह के नेतृत्व में महोबकंठ थाना प्रभारी सूरज प्रसाद, चौकी प्रभारी बेलाताल देवेंद्र कुमार व कुलपहाड़ पुलिस ने चौकीदारों की सूचना पर सौंरा कबूतरा डेरा में छापा मारा। जहां अवैध शराब की भट्ठी धधकती मिली। पुलिस ने कबूतरा डेरा से 720 लीटर अवैध शराब बरामद की। इस करोबार में लिप्त निर्मला कबूतरा व संगम कबूतरा को मौके से गिरफ्तार किया गया। साथ ही प्लास्टिक ड्रमों में जमीन के अंदर रखे गए 13 क्विंटल लहन को मौके पर नष्ट कराया गया। पुलिस ने अवैध शराब, शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। दोनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।