महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम अंडवारा में दो दिन पहले जमीनी बंटवारे को लेकर हुए हत्याकांड की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है जबकि दो की तलाश में दबिश दी जा रही है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त फरसा, कुल्हाड़ी व डंडा बरामद किया गया है।
ग्राम अंडवारा निवासी नृपत राजपूत का अपने बड़े भाई कड़ोरी लाल से भूमि बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। 15 नवंबर को मामूली कहासुनी होने पर कड़ोरीलाल ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर नृपत राजपूत व उसके पुत्र नरेंद्र राजपूत पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी व फरसे से हमला कर दिया था। जिससे नरेंद्र की मौत हो गई थी जबकि नृपत घायल हुआ था।
मृतक के भाई विक्रम की तहरीर पर पुलिस ने कड़ोरीलाल व उसके चार पुत्रों रविंद्र, बृजबिहारी, सत्यम व शिवम के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार को पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ अनूप कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल एसआई छेदीलाल सिंह, एसआई महेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल हरिप्रताप सिंह, रणधीर सिंह ने हत्या में शामिल आरोपी रविंद्र राजपूत, बृजविहारी राजपूत व कढ़ोरीलाल को पनारा मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस की लाठी, कुल्हाडी, फरसा बरामद किया गया। शेष दो आरोपियों सत्यम व शिवम की तलाश की जा रही है।