महोबा। दो माह पहले थाना पनवाड़ी व जनपद जालौन के डकोर थाना क्षेत्र में हुईं लूट के एक आरोपी को थाना पनवाड़ी व एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। जिसके पास से लूटी गईं दो बाइकें भी बरामद की गई। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
कस्बा कुलपहाड़ निवासी भूपेंद्र यादव से 26 जुलाई को बदमाशों ने बाइक व मोबाइल फोन लूट लिए थे। बाइक को बिरमा नदी के किनारे और मोबाइल रास्ते में फेंक दिया था। इसके बाद बदमाशों ने पांच अगस्त को जनपद जालौन के डकोर थाना क्षेत्र के जयसारीकला मोड़ के पास बाइक सवार वृद्घ से बाइक व 1.45 लाख रुपये लूटे थे।
एसपी सुधा सिंह ने खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की थीं। सोमवार को एसओजी प्रभारी राहुल परमार, पनवाड़ी थाने के एसआई तनवीर अहमद, राजबहादुर सिंह ने लूट की दोनों घटनाओं में शामिल आरोपी ज्ञान सिंह उर्फ ज्ञानी निवासी कुड़ार थाना खरेला को गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से दोनों घटनाओं में लूटी गई बाइकें बरामद की गईं। एसपी सुधा सिंह ने बताया कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।