महोबा। शहर के कल्याण सागर तालाब के किनारे शौच करने गए युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तालाब में उगी जलकुंभी में फंसने से युवक नहीं निकल सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी भोला प्रसाद का पुत्र दिनेश (22) मंगलवार की सुबह शौच के लिए कल्याण सागर तालाब के किनारे गया था। तभी अचानक पैर फिसलने से वह तालाब में डूब गया। दो घंटे तक युवक के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। बाद में दिनेश का शव तालाब में फैली जलकुंभी में फंसा मिला। घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई सीताराम व मोहल्लेवासियों का आरोप है कि तालाब में जलकुंभी का अंबार है। पालिका प्रशासन द्वारा तालाब की सफाई कराने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है। जलकुंभी फैली होने से तालाब की गहराई का पता नहीं चल पाता, जिससे घटनाएं हो रही हैं।
कुएं में गिरकर ग्रामीण की मौत
महोबा। कोतवाली क्षेत्र के मुल्ला के खुड़ा में एक ग्रामीण की कुएं में गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मुल्ला का खुड़ा निवासी नंदराम (45) काफी दिन से बीमार चल रहा था। मंगलवार को वह खेत जाते समय कुएं में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। (संवाद)