महोबा/कुलपहाड़/चरखारी/बेलाताल/खन्ना/पनवाड़ी/महोबकंठ। पिछले दो दिन से हो रही लगातार बारिश से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। घरों और दुकानों में पानी घुसने से हजारों का नुकसान हुआ। ग्रामीण क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर नाले व रपटे उफनाने से आसपास के करीब 30 गांवों का संपर्क कट गया। इस दौरान करीब 120 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। बारिश से तिल, मूंग, उड़द और मूंगफली की फसलें बर्बाद हो गईं।
बृहस्पतिवार की रात से लेकर शनिवार को पूरे दिन बारिश का दौर चला। हालांकि शाम के समय बारिश थम गई लेकिन बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। बारिश के चलते शहर में शुक्रवारी बाजार मार्ग, जिला अस्पताल के निकट, पुराना इलाहाबाद बैंक के पास आदि स्थानों पर जलभराव हुआ। वहीं कीरत सागर के निकट स्थित मोहल्ला आलमपुरा में भी एक बार फिर जलभराव की समस्या देखने को मिली।
खन्ना संवाद के अनुसार लगातार बारिश से क्षेत्र से निकला श्यामा नाला उफना गया। इससे आठ गांवों का संपर्क कट गया। नाला उफनाने से खन्ना, बरभौली, बहिंगा, सिरसीखुर्द, खम्हरिया, कहरा, तमौरा, परसाहा आदि गांवों के ग्रामीणों को परेशानी हुई। चंद्रावल नदी का जलस्तर बढ़ गया। पशु अस्पताल परिसर में पानी भर गया। वहीं थाना खन्ना परिसर में जलभराव होने से फरियादियों को आने-जाने में परेशानी हुई। पनवाड़ी संवाद के अनुसार लगातार बारिश से कस्बे के मुख्य बाजार में कमर तक पानी भरने से आवाजाही में परेशानी हुई। दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों को हजारों का नुकसान हुआ। महोबकंठ संवाद के अनुसार क्योलारी बांध के फाटक खोले जाने से रपटा उफना गया। इससे उमरई गांव का संपर्क कट गया।
कुलपहाड़ संवाद के अनुसार तहसील क्षेत्र के कमालपुरा तालाब पहले से ही पूरी क्षमता के साथ भरा है। दो दिन से हो रही लगातार बारिश से तालाब ओवरफ्लो होने की स्थिति में पहुंच गया। इससे कमालपुरा, लारपुर, बम्हौरी, सिरमौर, मोहारी आदि गांवों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना एसडीएम को दी। एसडीएम कुलपहाड़ आदेश सिंह सागर ने बताया कि सिंचाई विभाग को सूचना दे दी गई है। स्थानीय पुलिस स्थिति पर लगातार निगाह रखे हुए हैं। रतवा रोड में जलभराव होने से ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत हुई। बेलाताल संवाद के अनुसार बारिश के चलते बीडीओ कार्यालय परिसर जलमग्न हो गया। जीजीआईसी परिसर और पशु अस्पताल में भी पानी भर गया। वहीं, पुल के किनारे बनी दुकानों के आसपास जलभराव हुआ।
पठानपुरा, ड्योढ़ीपुरा, बाईपास रोड आदि मोहल्लों में लोगों के घरों में नालियों का पानी घुसने से परेशानी हुई। बारिश के चलते दुनई नदी में बने रपटे के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी बहने लगा। पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इससे छतरवारा, कुढ़ई, सारंगपुरा, थुरट, हंसला, बसरिया, पिपरी समेत 12 से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया। चरखारी संवाद के अनुसार बारिश के चलते गुढ़ा रपटा उफना गया। इससे चरखारी-राठ मार्ग पर आवागमन बंद हो गया। इस मार्ग से लोग गुढ़ा, गौरहारी, भटेवरा, करहराखुर्द, पनवाड़ी, राठ आदि स्थानों के लिए आवागमन होता है।
मुख्य बाजार में जलभराव से दुकानों में घुसा पानी
खरेला। लगातार हो रही बारिश से कस्बा खरेला के मुख्य बाजार में जलभराव होने से व्यापारियों को परेशानी हुई। किराना दुकान, ज्वेलर्स, टेलर, जनरल स्टोर, कपड़ा आदि की दुकानों में पानी घुसने से लाखों का सामान बर्बाद हो गया। बृहस्पतिवार की देर रात से सुबह तक हुई बारिश से कस्बे के मंगली बाजार में करीब चार फीट तक पानी भर गया। शनिवार को भी मौसम खराब रहने से व्यापारियों का कारोबार ठप रहा। कई मोहल्लों के लोगों का आवागमन 24 घंटे से बाधित रहा। वहीं खरेला नगर में सौ बीघा से अधिक क्षेत्र में फैले महामुनि शृंगीऋषि सरोवर में खतरे के निशान से अधिक पानी भर गया। हालात को देखते हुए तालाब के फाटक खोले गए। इससे नगर के हले प्रथम, हले द्वितीय, जालिब, स्वामीदास मोहल्ले से मंगली बाजार तक पानी का बहाव तेजी से बढ़ गया। इससे लोग घरों में कैद रहने को मजबूर रहे।
बघवा तालाब का बंधान टूटने से बढ़ी मुश्किलें
कबरई। लगातार हो रही बारिश से भगत सिंह नगर स्थित बघवा तालाब में अधिक पानी आने से बंधान टूट गया। ऐसे में रास्तों समेत पूरे क्षेत्र में पानी भर जाने से लोगों को अपने घरों से निकलना मुश्किल हो गया। जलभराव के चलते छोटे बच्चे, बुजुर्ग व मवेशी तक घरों से नहीं निकल पा रहे है। रामेश्वर कुशवाहा, आकाश यादव, लेखराम प्रजापति, निरंजन कुशवाहा, देवीदयाल, राजाभैया प्रजापति समेत कई लोगों के घरों में पानी भरा हुआ है। बेवा संपत प्रजापति ने बताया कि घर में पानी भर जाने से गृहस्थी का सामान भीगकर बर्बाद हो गया। नगर पंचायत ईओ संजीव कुमार ने बताया कि बस्ती में भरे पानी की सबमर्सिबल से निकासी कराई जा रही है।
तीन दिन के लिए खेलकूद प्रतियोगिता निरस्त
कुलपहाड़। राजकीय इंटर कॉलेज सुगिरा की ओर से आयोजित की जा रही माध्यमिक स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिताओं पर दो दिन से हो रही बारिश ने पानी फेर दिया। खेल मैदान में जगह-जगह जलभराव व कीचड़ हो गया। स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने खेलकूद प्रतियोगिता को तीन दिन के लिए स्थगित कर दिया। प्रधानाचार्य मैथिलीशरण का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद मैदान को व्यवस्थित कर प्रतियोगिताओं के आयोजन की नई तिथि निर्धारित की जाएगी। वहीं जलविहार मेला कुलपहाड़ में कबड्डी व रिवई में दंगल का कार्यक्रम स्थगित हो गया।
फोटो 26 एमएएचपी 15 परिचय-कस्बा श्रीनगर में बारिश से जलभराव के बीच मस्ती करते बच्चे। संवाद
फोटो 26 एमएएचपी 15 परिचय-कस्बा श्रीनगर में बारिश से जलभराव के बीच मस्ती करते बच्चे। संवाद
फोटो 26 एमएएचपी 15 परिचय-कस्बा श्रीनगर में बारिश से जलभराव के बीच मस्ती करते बच्चे। संवाद
फोटो 26 एमएएचपी 15 परिचय-कस्बा श्रीनगर में बारिश से जलभराव के बीच मस्ती करते बच्चे। संवाद