श्रीनगर (महोबा)। ब्लॉक कबरई के चितइयन गांव में नमामिगंगे योजना के तहत घर-घर कनेक्शन देने के छह माह बाद भी ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति नहीं मिल सकी।
मजबूरी में ग्रामीणों को आधा किमी दूरी पर स्थित हैंडपंप से पानी लाकर गुजारा करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्राम पंचायत चितइयन की आबादी 1,600 है। गांव में 10 हैंडपंप तो लगे हैं लेकिन इनमें से नौ खराब पड़े हैं।
सिर्फ एक हैंडपंप सड़क किनारे लगा है, जो पानी दे रहा है। यह हैंडपंप गांव से आधा किमी दूरी पर स्थित है। सभी ग्रामीण इस हैंडपंप से पानी भरते हैं।
नमामि गंगे योजना के तहत गांव में छह माह पहले निजी कंपनी ने पाइपलाइन डालकर ग्रामीणों को कनेक्शन भी कर दिए। बावजूद इसके अभी तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई। गांव के पास ही पानी की टंकी बनाई गई है। इस टंकी में अभी तक एक बूंद पानी नहीं भरा गया।
गांव के हीरा सिंह, श्रीपत यादव, कैलाश पाल आदि का कहना है कि कंपनी ने पाइपलाइन डाले जाने के लिए खोदाई की थी लेकिन आज तक सड़कें दुरुस्त नहीं कराई गईं।
उधर, जल निगम सिविल शाखा के अधिशासी अभियंता संदेश सिंह तोमर का कहना है कि कंपनी की ओर से अभी तक टंकी की टेस्टिंग नहीं की गई। इसके चलते पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। प्रोजेक्ट मैनेजर को शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।