चरखारी (महोबा)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी पटरी विक्रेताओं के लिए संचालित योजना में बैंकों की हीलाहवाली के चलते 150 आवेदन लंबित हैं। योजना का लाभ आवेदकों को नहीं मिल रहा है।
रेहड़ी पटरी वाले दुकानदारों के लिए रोजगार के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वनिधि योजना के माध्यम से 10-10 हजार रुपये का लोन देते हुए रोजगार के लिए पूंजी उपलब्ध कराई जा रही है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष निकायों तथा जिला प्रशासन ने आवेदन तो करा दिए हैं।
कस्बा चरखारी में ही 150 आवेदक बैंकों के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं। जहां बैंक द्वारा बार-बार चक्कर लगवाने के बाद भी लोन नहीं किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद चरखारी के प्रभारी प्रवीण रिछारिया ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा में 90 आवेदन लंबित हैं। इसके अलावा इलाहाबाद बैंक व स्टेट बैंक भी लाभार्थियों को सहयोग नहीं कर रहा है। (संवाद)