हैवतपुरा गांव की बिजली काटे जाने पर प्रदर्शन कर विरोध जताते उपभोक्ता।
- फोटो : MAHOBA
पनवाड़ी (महोबा)। बकाया बिल जमा न किए जाने पर हैवतपुरा गांव की बिजली काट दी गई। 10 फीसदी उपभोक्ताओं के बिल जमा होने के बाद भी पूरे गांव की बिजली काटे जाने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत व जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी से कनेक्शन जुड़वाने की मांग की है।
हैवतपुरा गांव में एक सैकड़ा उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन हैं। कुछ ग्रामीणों को गरीबी रेखा के तहत कनेक्शन दिए गए है। अधिकांश उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल जमा न किए जाने पर विद्युत विभाग ने पूरे गांव की बिजली काट दी। इससे दो दिन से ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। आशाराम कुशवाहा, राजकुमारी, बापू सैनी का कहना है कि उनके बिजली बिल जमा हैं, लेकिन विभाग ने पूरे गांव की बिजली काट दी। बिल देने के बाद भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरोप है कि विभाग मनमाने तरीके से बिल भेज रहा है। कुछ उपभोक्ताओं के यहां मीटर ही नहीं लगाए गए और लाखों के बिल भेज दिए गए। विद्युत विभाग के अवर अभियंता देवकीनंदन का कहना है कि पूरे गांव का बिजली बिल बकाया था। कई बार कहने के बाद भी उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किए। इस कारण बिजली काटी गई है।