समाधान दिवस में शिकायतें सुनतें डीएम-एसपी।
- फोटो : MAHOBA
चरखारी (महोबा)। तहसील चरखारी में शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में अवैध कब्जों व भूमि पैमाइश से संबंधित शिकायतों की भरमार रही। कई ऐसे फरियादी पहुंचे, जिनका कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी निस्तारण नहीं हुआ।
जिलाधिकारी मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 49 शिकायतें आईं। इनमें से महज पांच का मौके पर निस्तारण हो सका। सबसे ज्यादा 22 शिकायतें अवैध कब्जों और जमीन की पैमाइश से संबंधित रहीं। इमलीखेड़ा के किसान जगदीश प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई कि लेखपाल व कानूनगो उसकी भूमि की पैमाइश नहीं कर रहे हैं। वह छह से अधिक बार शिकायत दर्ज करा चुका है। आरोप लगाया कि कर्मचारी अधिकांश शिकायतों को रजिस्टर में ही अंकित नहीं करते, जिससे उनका लेखा-जोखा नहीं रहता। गोरखा निवासी राजनारायण ने पूर्व प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की।
डीएम ने प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी सुुुधा सिंह, सीडीओ डॉ. हरिचरण सिंह, एसडीएम अरुण दीक्षित के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।