शहर में जन जागरूकता रैली निकालते डीएम, एमएलसी व पेंशनर्स।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान ने डीएम मनोज कुमार व एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर के साथ जागरुकता रैली निकाली। इसमें तंबाकू व गुटखा से होने वाले नुकसान के प्रति आगाह कर छोड़ने का आह्वान किया गया।
तहसील परिसर से शुरू हुई रैली आल्हा चौक, मुख्य बाजार, ऊदल चौक, माथुरनपुरा समेत विभिन्न मार्गों से होकर पुन: तहसील पहुंचकर खत्म हुई। तहसील सभागार में डीएम ने कहा कि तंबाकू, गुटखा के सेवन करने से स्वास्थ्य पर कई तरह के प्रतिकूल प्रभाव पड़ते हैं। बड़ी मात्रा में धन खर्च होता है। धन का उपयोग करके हम बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाकर पूरे घर का भविष्य सुधार सकते हैं। एमएलसी ने कहा कि जिले में 85 फीसद पुरुष व 30 फीसदी महिलाएं किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन करतीं हैं। यदि लोगों को जागरूक न किया गया तो अगले 10 साल में यह आंकड़ा शत-प्रतिशत तक पहुंच सकता है। इस मौके पर सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, एडीएम आरएस वर्मा व शिशिर कुमार, एसडीएम जितेंद्र कुमार, पूर्व प्रधानाचार्य शिवकुमार गोस्वामी, संस्थान के महामंत्री बीके तिवारी, अध्यक्ष सुनील शर्मा, कालका प्रसाद गुप्ता, शिवकुमार त्रिपाठी, भागीरथ नगायच मौजूद रहे।