पलका में आयोजित चौपाल में बोलते डीएम।
- फोटो : MAHOBA
महोबा/श्रीनगर। ब्लॉक कबरई की ग्राम पंचायत पलका में डीएम मनोज कुमार ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान तालाब, चकरोड व अन्य सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें आईं। डीएम ने अधिकारियों, लेखपाल और राजस्वकर्मियों को अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटवाने के लिए कहा। अवैध कब्जा न छोड़ने पर खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चौपाल में डीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र पूरी क्षमता के साथ संचालित कर छह वर्ष तक के बच्चों का नाम लिखाया जाए। पंचायत सचिवालय में कर्मचारी रोस्टर के अनुसार बैठकर समस्याओं का निस्तारण करें। शौचालय, आवास, पेंशन, राशन, सड़क, बिजली, पानी आदि शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। किसी भी गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट टीवी लगवाए जाएं। गोशालाओं में गोवंश के उचित रखरखाव के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं। ताकि कोई भी गोवंश भूख, प्यास व गर्मी से न मरें। उन्होंने कहा कि किसान खेत-तालाब योजना का लाभ लेकर खेत का पानी खेत में ही संरक्षित करें। पुलिस निष्पक्ष रूप से काम कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखे। चौपाल में सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, एडीएम आरएस वर्मा, पीडी चित्रसेन सिंह, एसडीएम सदर जीतेंद्र सिंह, डीपीआरओ संतोष कुमार, डीएसओ राजीव तिवारी मौजूद रहे।