महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के बौरा गांव में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी ले गए। बौरा गांव निवासी धीरेंद्र अहिरवार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह परिवार समेत नोएडा में रहकर मजदूरी करता है। 30 जुलाई को उसके पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उसके घर के दरवाजे खुले हैं। जब वह घर आया तो सामान बिखरा व माल गायब मिला। पीड़ित ने बताया कि गोलक में कुछ नकदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे थे, जो गायब हैं। मां व अन्य परिजनों के आने पर कितना माल चोरी हुआ है। इसी सही जानकारी हो सकेगी। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना की जांच कराई जा रही है। (संवाद)
मूकबधिर महिला की संदिग्ध हालात में मौत
श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के कैमाहा गांव की मूकबधिर महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। डिगरिया गांव निवासी सिपाहीलाल ने बताया कि उसने अपनी बेटी आशा (25) की शादी तीन साल पहले कैमाहा निवासी अमरचंद्र के साथ की थी। शुक्रवार को आशा की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई मोनीपाल का कहना है कि तीन माह पहले ससुरालीजनों ने बहन के साथ मारपीट की थी। इससे बहन की कमर टूट गई थी। आरोप है कि ससुरालीजनों ने ही बहन को मार डाला। उधर, थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)