-जिस कमरे में सो रहे थे परिजन चोरों ने बाहर से लगा दी कुंडी
- खरेला के परथनिया गांव में घटना
फोटो 30 एमएएचपी 05 परिचय-चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
खरेला (महोबा)। थाना खरेला के परथनिया गांव में चोरों ने बुधवार की रात सरकारी राशन विक्रेता के मकान को निशाना बनाते हुए नकदी व आभूषण समेत सात लाख का माल चोरी कर लिया। जिस कमरे में परिजन सो रहे थे, चोरों ने उसकी बाहर से कुंडी लगा दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौका मुआयना किया।
परथनिया गांव निवासी राजेंद्र गुप्ता सरकारी राशन विक्रेता हैं। उनका बेटा दिलीप गुप्ता बुधवार को किसी कार्य से कस्बा मौदहा गया था। घर पर बहू गायत्री, उसके बच्चे दिव्यांशु व आयुषी थे जबकि राजेंद्र गुप्ता दूसरे मकान में सो रहे थे। देर रात चोर पीछे से दीवार फांदकर अंदर घुसे।
चोरों ने जिस कमरे में गायत्री और उसके बच्चे सो रहे थे, उसकी बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद दूसरे कमरे का ताला तोड़कर नकदी व आभूषण चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह जब गायत्री उठी तो बाहर से कुंडी लगी होने पर उसने पड़ोसियों को आवाज लगाई और फोन से ससुर को सूचना दी। तब दरवाजे की कुंडी खुली। दूसरे कमरे में जाकर देखने पर सामान बिखरा मिला व माल गायब था।
गायत्री ने बताया कि चोर मकान में रखी 19 हजार की नकदी, मंगलसूत्र, जंजीर, झुमकी, तीन अंगूठी और एक बैंदी समेत चार तोला वजन के सोने के आभूषण व एक किलो चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंच जांच की। थानाध्यक्ष सुषमा चौधरी का कहना है कि घटना की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।