महोबा। महोबा-लवकुशनगर मार्ग में तेज रफ्तार इनोवा कार खंभे से टकराकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर एजेंसी के संचालक की मौत हो गई जबकि मुनीम, सेल्समैन समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
शहर के लवकुश नगर तिराहा निवासी सौरभ सिंह परमार (26) की हमीरपुर चुंगी के आगे ट्रैक्टर की एजेंसी है। गुरुवार की रात वह अपने मुनीम लाखन सिंह (45), सेल्समैन रामप्रताप (46) व प्रमोद (40) के साथ इनोवा कार से पानी का प्लांट देखने जा रहे थे। घर से एक किमी आगे कार सड़क किनारे लगे खंभे से टकराकर खाई में पलट गई। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकाल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां सौरभ सिंह को डॉक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया जबकि अन्य का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक सौरभ सिंह की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। उनका ढाई वर्ष का एक पुत्र बाबू है। घटना से पत्नी साक्षी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के समय सौरभ सिंह स्वयं कार चला रहे थे।