कुलपहाड़ (महोबा)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आयोजित हो रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बुंदेलखंड की प्रसिद्ध हस्तशिल्प का डंका बज रहा है। कुलपहाड़ के हस्तशिल्पी मनमोहन सोनी की पीतल की नक्काशी लोगों को पसंद आ रही है। पीतल से बनीं मूर्तियां, कमलम, सुराही आदि खरीदने में देश-विदेश के लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में कस्बा कुलपहाड़ के हस्तशिल्पी मनमोहन सोनी को आमंत्रित किया गया है। उनके काउंटर पर बुंदेलखंडी बरात की नक्काशी लोगों को पसंद आ रही है। इसमें डोली में बैठी दुल्हन को कहार ले जा रहे हैं और पीछे हाथी, घोड़े, बैंड-बाजे लिए लोग जा रहे हैं। इसके अलावा बंद व खुलने वाला कमलम भी लोगों में आकर्षण का केंद्र बना है। मनमोहन सोनी ने बताया कि उनके काउंटर पर विभिन्न देशों के लोग अपने सामने ही मूर्तियों पर नक्काशी बनाने के लिए कहते हैं। काफी व्यापारी उनके हस्तशिल्प में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।