कुलपहाड़ (महोबा)। ब्लॉक जैतपुर की ग्राम पंचायत सीगौन में कब्जा धारकों पर प्रशासन का बुलडोजर गरजा। वर्षों से गोशाला की भूमि पर कब्जा जमाए दबंगों का कब्जा हटा दिया गया। जिससे अब गोशाला निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से कब्जा धारकों में खलबली मची है।
ग्राम पंचायत सीगौन में कई सालों से गोशाला का निर्माण लटका था। ग्राम पंचायत की जमीन पर गोशाला निर्माण के लिए प्रस्ताव पास किया गया था लेकिन भूमि पर कब्जा होने से निर्माण नहीं हो पा रहा था। दबंगों ने सरकारी भूमि पर चाहरदीवारी बनाकर भूसा भी रख लिया था। ग्राम प्रधान बालादीन कुशवाहा ने बताया गोशाला न बनने से फसलों का नुकसान हो रहा था और किसान परेशान थे। कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। जिसके बाद सचिव ने कब्जा धारकों को नोटिस देकर ग्राम पंचायत की जमीन से कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे लेकिन कब्जा नहीं हटा।
एसडीएम पीयूष जायसवाल के आदेेश पर शुक्रवार को नायब तहसीलदार धनराज पटेल, राजस्व निरीक्षक, मसूद अजहर, लेखपाल बहादुर आदि ने पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंच जेेसीबी से गोशाला की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटवा दिया। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार को बताया कि मंदिर की जमीन पर भी कुछ लोग कब्जा किए हैं। जिस पर उन्होंने शिकायती पत्र देने को कहा है।