महोबा। दो बैंकों के निजीकरण प्रस्ताव के खिलाफ यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को भी बैंकों में कामकाज ठप रहा। बैंकों के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। बैंक स्टाफ एसोसिएशन के बैनरतले कर्मचारियों ने शहर में बाइक रैली निकालकर विरोध जताया। नारेबाजी कर आरपार की लड़ाई की चेेेतावनी दी। सभी सरकारी बैंक बंद रहने से दूसरे दिन भी करीब छह-सात करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा।
जिले में बैंक कर्मियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का खासा असर दिखाई दिया। सभी बैंक बंद रहे और कर्मचारियों ने बैंकों के बाहर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। बैंक स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार व लोकेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में इंडियन बैंक से बाइक रैली निकाली गई। बाइक रैली पालीवाल मार्केट, आल्हा चौक, ऊदल चौक, मुख्य बाजार, तहसील चौराहा होते हुए बैंक परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान भगवान दास, देव सिंह, प्रदीप कुमार, अजय वर्मा, सुधीर तिवारी, संदीप तिवारी व कालीचरण आदि मौजूद रहे।
बैंकों की हड़ताल से लेनदेन व चेक क्लीयरेंस का काम नहीं हो सका। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक ग्राहकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। सरकारी बैंकों के एटीएम बंद होने से जरूरत होने पर लोग पैसे नहीं निकाल सके। अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष विवेक ने बताया कि दूसरे दिन बैंकों की बंदी से छह से सात करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा है।