महोबा। शहर के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहीं 39वीं मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में जनपद बांदा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
दो दिन तक चलीं इस प्रतियोगिता में मंडल के चारों जिलों के एक हजार से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में जनपद बांदा के प्राथमिक विद्यालय ददरिया के आशीष विजेता बने। प्राथमिक स्तर बालिका में बांदा के शाहपुर की आराधना ने बाजी मारी। जूनियर स्तर में बालक वर्ग में बांदा के चंद्रभान यादव विजेता बने।
जूनियर स्तर बालिका में जनपद हमीरपुर की पिंकी विजेता रहीं। इसके अलावा खेलों में छात्र-छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किए। बीएसए राहुल मिश्रा ने विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी अंकित सिंह, प्रवेश वाजपेयी, अवनीश यादव, राजेश त्रिपाठी, जिला व्यायाम शिक्षक मो. शफीक आदि मौजूद रहे।