महोबा। शहर के मोहल्ला नरसिंह कुटी के पास शराब के लिए रुपये न देने पर पत्नी और बच्चों पर युवक ने हंसिया से हमला कर दिया। इससे तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नरसिंह के पास रहने वाले श्यामकिशोर कुशवाहा शराब का आदी है। अक्सर शराब के लिए रुपयों की मांग करने पर पत्नी से विवाद होता है। सोमवार की रात एक बार फिर श्यामकिशोर ने रुपये मांगे। न देने पर धारदार हंसिया से पत्नी मानकुंवर, बेटी प्रियंका व बेटा अमित पर हमला कर दिया। अमित का आरोप है कि इलाज के दौरान एक बार फिर पिता हाथ में लाल मिर्च पाउडर लेकर अस्पताल पहुंच गया और जख्मों पर डालने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।