अजनर (महोबा)। पांच दिन से लापता चल रहे एक किसान की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला तो उसके हाथ व पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
थाना अजनर के अरघटमऊ गांव निवासी मईयादीन उर्फ कट्टू (45) खेती-किसानी करने परिवार का भरण-पोषण करता था। घर में उसकी पत्नी मानकुंवर, बेटे चरन सिंह व जयहिंद हैं। 22 फरवरी को वह अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तब भाई जगत सिंह व भगवानदास ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार की सुबह गांव के चेकडैम के पास बने कुएं में कुछ ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी।
सीओ कुलपहाड़ रविकांत गोंड व थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला तो पता चला कि शव मईयादीन का है और उसके हाथ व पैर रस्सी से बंधे हुए हैं। जानकारी मिलने पर पत्नी व बेटे बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंचे।
परिजनों ने अज्ञात लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, अपर एसपी वंदना सिंह का कहना है कि शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस व फील्ड यूनिट टीम ने जांच की।
परिजनों की ओर से 22 फरवरी को मृतक के लापता होने की सूचना दर्ज कराई गई थी। उधर, थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। घटना की जांच की जा रही है।