कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला पंचायत अध्यक्ष अंशु शिवहरे ने प्रशासनिक अधिकारी व लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष की इस कार्रवाई से जिला पंचायत कार्यालय में खलबली मची है।
जिला पंचायत महोबा में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर तैनात अजयदीप को नियम विरुद्ध तरीके से पत्रावलियां अग्रसारित करने, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने और अनुशासनहीनता करने के आरोप में निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में आधा वेतन दिए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अजयदीप को निलंबन अवधि में जिला पंचायत कार्यालय, महोबा में संबद्ध किया गया है।
इसी तरह जिला पंचायत कार्यालय में तैनात लिपिक सतीश कुमार मिश्र को डिस्पैच कार्य में लापरवाही बरतने और आदेशों का उल्लंघन करने के आरोप में जिला पंचायत अध्यक्ष अंशु शिवहरे ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लिपिक सतीश कुमार मिश्र के प्रकरण की जांच अभियंता जिला पंचायत को सौंपी गई हैं। निलंबन के दौरान उन्हें भी आधा वेतन देने के निर्देश हुए हैं। व्यय भत्तों पर रोक लगा दी गई है।