चरखारी (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर सूपा तिराहे के समीप किसी वाहन की टक्कर से बाइक युवक की मौत हो गई। उसकी मौसी घायल हो गई। वाहन सरकारी बताया जा रहा है।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के महाराजपुर निवासी जीतेंद्र (32) किसी कार्य से अपनी रिश्तेदारी में कोतवाली चरखारी के सूपा गांव आया था। मंगलवार को वह अपनी मौसी कुसुम (37) को बाइक में बैठाकर छतरपुर गया। लौटते समय हाईवे पर सूपा तिराहे के समीप पनवाड़ी के गुगौरा गांव निरीक्षण के लिए अफसरों का काफिला जा रहा था। उसी में सबसे पीछे जा रहे जिले के एक बड़े अधिकारी के वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में जीतेंद्र की मौत हो गई जबकि कुसुम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।