महोबा। पनवाड़ी मार्ग में बिजरारी गांव के पास कार की टक्कर से घायल दूसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश कर रही है।
पनवाड़ी थाना क्षेत्र के पहाड़िया गांव निवासी राजकुमार चार अप्रैल को अपने साथी मानसिंह (26) निवासी इटौरा के साथ बाइक से कस्बा पनवाड़ी गया था। शाम को लौटते समय बिजरारी गांव के पास सामने से आ रही कार से आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी।
इस दुर्घटना में बाइक चला रहे राजकुमार की मौके पर मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल मानसिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार की रात इलाज के दौरान मानसिंह की भी मौत हो गई। हादसे में दोनों युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।