कबरई (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे पर कुनहेटा तिराहे के पास भवन निर्माण सामग्री उतार रहे ट्रैक्टर में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। दुर्घटना में एक युवक घायल हुआ है। दुर्घटना के बाद करीब आधा घंटे तक हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा।
कस्बे के आंबेडकरनगर निवासी ट्रैक्टर चालक चंद्रशेखर साहू बुधवार को कुनेहटा तिराहे के पास भवन निर्माण के लिए सटरिंग का सामान ट्रैक्टर से उतार रहा था। तभी कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्राली पलट गई और ट्रैक्टर के दो हिस्सों में बंट गया। ट्रैक्टर चालक का आरोप है कि ट्रैक्टर के पास खड़े होकर खन्ना निवासी सनी यादव (20) ने बस में सवार होने के लिए संकेत दिया था लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी और युवक को भी टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सीएचसी भेजा गया। जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को सड़क से अलग कराते हुए आवागमन बहाल कराया। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि बस को कब्जे में लिया गया है। दुर्घटना की जांच कराई जा रही है।