चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी में बुआ के घर गई छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
शहर के मोहल्ला भटीपुरा निवासी खुशी वर्मा (17) इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा थी। मंगलवार को वह रिश्तेदारी में आयोजित तेरहवी कार्यक्रम में शामिल होने सूपा गांव गई थी। जहां से वह चरखारी निवासी अपने फूफा आरएस त्यागी के घर रुक गई। रात में सभी ने भोजन किया। इसके बाद खुशी कमरे में चली गई। बुधवार की सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों को आशंका हुई। जब परिजनों ने रोशनदान से झांककर देखा तो छात्रा का शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। किशोरी के मोबाइल की डिटेल भी खंगाली जा रही है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।