चरखारी (महोबा)। दिवाली के दूसरे दिन से लगने वाले कस्बा चरखारी के ऐतिहासिक गोवर्धननाथ मेले के आयोजन को लेकर मंगलवार को पालिका बोर्ड की बैठक हुई। इस दौरान विशेष परिस्थिति में एक तिहाई बहुमत के आधार पर मेला व्यय के लिए 32 लाख रुपये का बजट पास हुआ।
21 अक्टूबर से शुरू होने वाले धार्मिक मेला को लेकर प्रशासनिक अधिकारी के रूप में मौजूद ईओ अमरजीत ने विशेष परिस्थिति के नियम के तहत एक तिहाई बहुमत के आधार पर बजट को पास करने की अनुमति पालिकाध्यक्ष मंजू सिंह से ली। एक तिहाई सदस्यों में राम द्विवेदी, सुरेंद्र सिंह परमार, मो. सरफराज, शशि तिवारी, शैलेंद्र तिवारी, शहाना निजामी, सद्दाम हुसैन, करामत बेग व पालिका अध्यक्ष शामिल रहीं। इस दौरान वरिष्ठ लिपिक अय्यूब खां, लिपिक संजीत कुमार, राजेंद्र दिहुलिया आदि मौजूद रहे। उधर, ईओ अमरजीत का कहना है कि एक तिहाई सदस्यों की ओर से 32 लाख का बजट पास हुआ। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त दो लाख और खर्च किए जाएगे।