हमीरपुर। दशहरा पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के पुलिस परेड मैदान में 45 फीट के रावण का दहन होगा। इसको लेकर पालिका प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष रावण का पुतला तीन फीट अधिक लंबा बनाया जा रहा है। इसी के साथ 35 फीट के मेघनाद का भी पुतला दहन होगा। सुरक्षा व्यवस्था के भी खास इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल व ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
जिले भर में आठ स्थानों पर पुतला दहन किया जाएगा। इनमें मौदहा तीन, सिसोलर दो, कुरारा एक, मुस्करा एक और शहर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में पुतला दहन का आयोजन किया जाएगा। पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने बताया कि अबकी रावण के कद में तीन फीट की बढ़ोतरी की गई है। मेघनाद का 35 फीट का पुतला बनाया जा रहा है। इनका मंगलवार रात 12 बजे दहन किया जाएगा। अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए पूरे मैदान में तीसरी आंख की निगरानी रहेगी। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ड्रोन कैमरे भी उपलब्ध रहेंगे। अध्यक्ष के अनुसार, रावण व मेघनाद के पुतले का निर्माण करने के लिए कानपुर के कारीगरों को काम सौंपा गया है। कारीगर इकबाल रावण व मेघनाद का पुतला तैयार कर रहा है जो आज दोपहर दोनों पुतलों को परेड मैदान में खड़ा कराया जाएगा।
शहर के हाथी दरवाजा से गुजरेगी रामरथ यात्रा
शहर के हाथी दरवाजा से रामरथ यात्रा निकलेगी जो हमीरपुर-कालपी हाईवे होते हुए शहर भ्रमण के बाद परेड मैदान पहुंचेगी। इसमें राम, लक्ष्मण व वीर हनुमान की झांकी निकाली जाएगी। राम के रूप में सजे कलाकार रावण व मेघनाद के पुतले का दहन करेंगे।
पुतले को अंतिम रूप देने में जुटे रहे कारीगर
मौदहा। कस्बा के कुम्हरौड़ा मोहल्ले में दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नवयुवक दशहरा कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि दशहरा पर्व को लेकर रावण दहन की तैयारियां की जा रही हैं। कारीगर भगवानदीन प्रजापति ने बताया कि 50 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। कारीगर इसे अंतिम रूप देने में लगे हैं। वहीं नगर पालिका कर्मचारी धर्मेंद्र सोनी को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि सफाई नायक कामता प्रसाद सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं। (संवाद)
जिले भर में आठ स्थानों पर पुतला दहन किया जाएगा। सभी जगह पुलिस टीमें लगाकर सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए गए हैं। मौदहा जुलूस में ड्रोन कैमरा सहित सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। मेला परिसर में गुंडा दल व एंटी रोमियो पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। -अरविंद कुमार वर्मा, अपर एसपी।