पनवाड़ी (महोबा)। चलती बस में युवतियाें से छेड़छाड़ और लूट की घटना को अंजाम देने वाले युवकाें पर पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई कर रस्म अदायगी की। जबकि पीड़ित युवतियाें ने छेड़छाड़ किए जाने की तहरीर दी थी। पुलिस की कार्यप्रणाली से लोगाें में खासा आक्रोश है।
महिलाआें के साथ बढ़ रहे अपराध पर अंकुश लगाने के लिए शासन भले ही सख्त रुख अपना रहा हो, लेकिन पुलिस की उदासीनता के चलते इन घटनाआें पर रोक नहीं लग पा रही है। गौरतलब है कि रविवार को राठ से अपने भाई के साथ झांसी जा रहीं दो युवतियाें से चलती बस में युवकाें ने छेड़खानी की थी। इतना ही विरोध करने पर मनचले युवकाें ने उनको जमकर पीटा। साथ ही युवतियाें के कान की झुमकियां लूट ली थीं। घटना में शामिल दो मनचलाें को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
युवती ने घटना की तहरीर थाना पनवाड़ी में दी थी। पुलिस ने युवकाें के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने के बजाए आरोपियाें के खिलाफ धारा 151 और अन्य दस आरोपियाें के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर दी।