महोबा। गौरा औद्योगिक सहकारी समिति लिमिटेड गौरहारी के सदस्याें की मौत के बाद उनके परिजनाें को सदस्य न बनाए जाने व समिति के अध्यक्ष द्वारा मनमानी किए जाने से नाराज ग्रामीणाें और समिति के सदस्याें ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। बाद में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में बताया कि भूमिहीन ग्रामीणाें को गौरा औद्योगिक उत्पादन समिति का सदस्य बनाया गया था। बायलाज के मुताबिक सदस्याें की मृत्यु के बाद उनके परिजनाें को सदस्य नामित किए जाने का प्रावधान है। समिति के करीब सात सदस्याें की मौत हो जाने के बाद भी आज तक उनके परिजनों को अध्यक्ष द्वारा सदस्य नहीं बनाया गया। ग्रामीणाें ने आरोप लगाया कि समिति के अध्यक्ष द्वारा गौरा पहाड़ पर खनन के मामले में मनमानी की जा रही है। ज्ञापन देने वालाें में समिति के सदस्य हरिश्चंद्र, घनश्याम, हरदास, मैयादीन के अलावा अमर सिंह, भवानीदीन, बद्री प्रसाद, भानुप्रताप शामिल थे।