महोबा। पिछले दो माह से बीएसएनएल की गड़बड़ चल रही ब्रॉड बैंड व्यवस्था से बैंकिंग सिस्टम फेल है। जमा एवं निकासी के लिए ग्राहक सारा दिन परेशान रहते हैं। ब्राडबैंड पल-पल में फेल रहने से सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। शहर के बैंक ऑफ बड़ौदा, इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक, एलआईसी, हमीरपुर जिला सहकारी बैंक सहित कई बैंकों में ब्राडबैंड न चलने से काम काज ठप रहा।
जिले की सभी प्रमुख बैंकों में बीएसएनएल का ब्राडबैंड सिस्टम लगा है। जो दो माह से आए दिन फेल हो जाता है जिससे सुदूर क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों को लेनदेन न होने पर काफी परेशानी होती है। बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक नितेश सोनी ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा का ब्राडबैंड काफी दिनों से खराब है जिससे बैंक आनेजाने वाले लोग लाइन में लगकर परेशान हो जाते है।
बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ प्रबंधक श्रीचंद्र प्रजापति का कहना है कि एयरटेल का ब्राडबैंड लगवाया लेकिन देना बैंक का बैंक ऑफ बड़ौदा में विलय होने से डाटा लोडिंग का लोड अधिक है। जिसके कारण सर्वर डाउन हो जाता है। बीएसएनएल के बिना निर्बाध काम संभव नहीं है। फिर भी धीमे-धीमे ग्राहकों का काम करवा रहे हैं।
ब्राडबैंड गड़बड़ होने से बैंकिंग सर्वर फेल