महोबा। शहर की सड़कों में विचरण करने वाले गोवंशों को पकड़ने के लिए पालिका की ओर से अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 50 गोवंशों को पकड़कर पालिकाकर्मी कान्हा गोशाला ले गए। जहां उन्हें संरक्षित किया गया।
डीएम गजल भारद्वाज के निर्देश पर पालिका ईओ अवधेश कुमार के नेतृत्व में सोमवार की सुबह पालिकाकर्मियों ने अभियान चलाया। इस दौरान हमीरपुर चुंगी, परमानंद चौराहा, रोडवेज के पास, आल्हा चौक, तहसील चौराहा, शुक्रवारी बाजार, पुराना प्राईवेट बस स्टैंड, डाक बंगला चौराहा, लवकुशनगर तिराहा आदि स्थानों से सड़क पर घूम रहे अन्ना गोवंशों को पकड़ा। इसके बाद गोवंशों को कान्हा गोशाला मुड़हरा में संरक्षित किया। ईओ ने बताया कि अधिकांश गोवंश ऐसे हैं जिन्हें गोपालकों की ओर से खुला छोड़ दिया जाता है। ऐसे गोपालकों को सख्त चेतावनी दी जा रही है। साथ ही गोवंश पकड़े जाने पर उन गोपालकों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।