महोबा। ब्लॉक जैतपुर के छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत कस्बा जैतपुर के मोहल्ला मऊपुरा के निकट तैयार किए गए नवीन महाविद्यालय को राजकीय महाविद्यालय के रूप में संचालित किया जाएगा। यहां असिस्टेंट प्रोफेसर के 15 पद भी सृजित कर दिए गए हैं। अब शिक्षण सत्र 2025-26 में पढ़ाई को शीघ्र ही छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
नवीन महाविद्यालय में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। करीब 10 करोड़ की लागत वाले इस महाविद्यालय के भवन निर्माण का कार्य वर्ष 2016 में शुरू कराया गया था। वर्ष 2024 में चार मंजिला नवीन महाविद्यालय बनकर तैयार हुआ। नवीन सत्र से महाविद्यालय के संचालन को लेकर शासन के प्रमुख सचिव एमपी अग्रवाल ने आदेश जारी किए हैं। महाविद्यालय में प्राचार्य का एक पद, असिस्टेंट प्रोफेसर कला संकाय के आठ पद, विज्ञान संकाय के पांच पद, वाणिज्य संकाय के दो पद, लाइब्रेरियन, प्रधान सहायक व कनिष्ठ सहायक के एक-एक पद सृजित किए गए हैं। हालांकि, प्रथम चरण में कला संकाय के दो, विज्ञान के तीन व वाणिज्य के एक असिस्टेंट प्रोफेसर को दूसरे राजकीय महाविद्यालय से संबद्ध किया जाएगा। शिक्षक व शिक्षणेत्तर स्टाफ के पद सृजन से अब नवीन महाविद्यालय में इसी सत्र में पढ़ाई शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।