-सजीव प्रसारण देखने के लिए महिलाओं में दिखा उत्साह
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद का सजीव प्रसारण दिखाया गया। प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं को कुछ कर गुजरने व आर्थिक रूप से सशक्त होने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवतियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में राजनंदन गांव छत्तीसगढ़ के महिला समूह द्वारा ईंट निर्माण, चूड़ी निर्माण, मध्यप्रदेश के अजीविका मिशन सेे जुड़ी महिलाओं द्वारा सेनेटरी नैपकिन, टायलेट क्लीनर निर्माण एवं ब्यूटी पार्लर, डूंगरपुर राजस्थान की महिला समूह द्वारा सोलर पैनल का निर्माण, महाराष्ट्र की महिला समूह द्वारा बकरी के दूध से कई उत्पाद तैयार करना, खेड़ा गुजरात की जय अंबे समूह द्वारा नीम की निवोरी इकट्ठा करना व राजस्थान की महिलाओं द्वारा ज्वैलरी निर्माण के संदर्भ में प्रधानमंत्री से किए गए संवाद का सजीव प्रसारण सुनाया व दिखाया गया। जिसे देखकर महिलाएं भी आपस में विचार विमर्श करती दिखाई दी।
बेलाताल केंद्र के प्रभारी डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि विभिन्न राज्यों की महिलाओं ने विभिन्न परिस्थितियों में अपनी आय को बढ़ाकर स्वावलंबन को प्राप्त किया है तो बुंदेलखंड की महिलाएं भी आगे आकर समूह के रूप में एकत्र होकर कार्य करें। उन्होंने महिलाओं एवं युवतियों से प्रशिक्षण प्राप्त कर आर्थिक स्वावलंबी बनने का जोर दिया। उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत ग्रामीण युवकों को कौशल प्रशिक्षण व राष्ट्रीय आजीविका मिशन व समूह निर्माण की जानकारी दी।