महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में मां-बेटी समेत 11 लोग घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो लोगों की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
थाना पनवाड़ी के भरवारा गांव निवासी लाल सिंह शनिवार की सुबह बाइक से पत्नी सुनीता (40) व बेटी प्रिंसी (17) के साथ जा रहा था। तभी झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। पति लाल सिंह ने बताया कि कार की टक्कर से बाइक गिरने पर पत्नी-बेटी को चोटें आईं। वहीं, जनपद हमीरपुर के मुस्करा निवासी सुरेश (45) व आकाश (20) शुक्रवार की रात बाइक से किसी कार्य से महोबा आ रहे थे। तभी रास्ते में एकाएक आए अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे दोनों घायल हो गए। इसी तरह उरवारा निवासी लक्ष्मण, दुलारा निवासी चंदीलाल, लाड़पुर निवासी भूरा, कमालपुरा निवासी जगदीश, किदवईनगर निवासी समर, डहर्रा निवासी सुमित्रा और कौहारी निवासी गुड़िया अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चंदीलाल व जगदीश की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। संवाद