दोस्तों की पार्टी के दौरान गोली लगने से युवक की मौत का मामला
बैंड बाजा ग्रुपों का संचालन करते हैं जीशान के पिता, जीशान भी बंटाता था हाथ
फरेंदा। पुरंदरपुर के समरधीरा में अवैध पिस्टल से गोली लगने से जीशान की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह छह बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं जबकि मां व पिता बेसुध हो गए हैं। घर पर शुभचिंतकों का आना-जाना लगा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर महदेवा गांव निवासी युसुफ के बेटे जीशान (20) की गोली लगने से मौत के बाद परिवार पूरी तरह से टूट गया है। पिता बैंड बाजा ग्रुपों की बुकिंग करने की दुकान संचालित करते हैं। जीशान भी पिता की मदद करता था। छह बहनों के बीच इकलौता भाई होने के कारण वह पूरे परिवार की आंख का तारा था। सभी उसे दुलार करते थे।
बृहस्पतिवार को दिन में वह घर पर ही था। शाम को सात बजे के करीब उसके दोस्त घर पहुंचे और उसे साथ लेकर पार्टी के लिए समरधीरा चौराहे पर पहुंचे। यहीं पर सभी दोस्त साथ में बिरयानी खा रहे थे कि गोली लगने से जीशान की मौत हो गई। घटना के बाद से ही जीशान के परिवार ही नहीं बल्कि आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं। घटना की जानकारी गांव के लोगों को शुक्रवार की सुबह पुलिस की सायरन व लोगों की आवाजाही चर्चा बना रहा। गांव में पुलिस की आवाजाही लगी हुई है। परिजन के अनुसार, जीशान काफी मिलनसार स्वभाव का था।
जीशान की मौत हादसा या हत्या
मधुकरपुर महदेवा के जीशान की गोली लगने से मौत के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। एक तरफ परिजन घटना के समय उसके साथ मौजूद दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ पुलिस अवैध पिस्टल की चेकिंग के दौरान गोली चलने के हादसे को वजह बता रही है। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे वाली जगह पर चारों दोस्त आए दिन पार्टी करते थे। बृहस्पतिवार की रात में दोस्तों के बीच हुए विवाद का कारण भी पता नहीं चल सका है। सभी की जुबान पर यही चर्चा है कि पिस्टल किसका था और कहां से आया? दुकान के अगल बगल लगे सीसीटीवी कैमरे व दुकान के मालिक से भी पुलिस पूछताछ कर सकती है।