परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पकड़ी दीक्षित में निकाले गए एक जुलूस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवकों को आई लव मोहम्मद का बैनर लगाकर जुलूस निकालते देखा गया। वीडियो में युवक खुद को गिरफ्तार करने की चुनौती देते हुए दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस सक्रिय हो गई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने जुलूस निकालने वालों की पहचान की और संबंधित युवकों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बिना अनुमति जुलूस निकालना पूरी तरह से नियम विरुद्ध है। पूछताछ में युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बिना प्रशासनिक अनुमति के बैनर लगाकर जुलूस निकाला। पुलिस ने युवकों को चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की हिदायत दी। इसके साथ ही उनसे लिखित माफीनामा भी लिया गया। माफीनामा लिखवाने के बाद पुलिस ने युवकों को छोड़ दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां गांव के शांत वातावरण को खराब कर सकती है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।