महराजगंज। रकम की अदला-बदली के खेल में युवा मोहरा बने हैं। इससे उनकाे मोटी रकम मिल रही है। कम समय में अमीर बनने की ख्वाहिश अवैध धंधे की और युवाओं को ले जा रही है।
बीते 15 दिन में दो बार नेपाल में रकम के साथ ही युवा पकड़े जा चुके हैं। खास बात है कि सभी 45 साल के नीचे हैं। नौतनवा में नेपाली रुपये से बट्टे के साथ एक्सचेंज कर युवा कैरियर के माध्यम से नेपाल पहुंचाया जा रहा है। इसके बदले दो प्रतिशत कमीशन मिलता है।
बीते रविवार की सुबह भैरहवा पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्र नौतनवा के गांधी चौक के एक युवक को केवल ढाई लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया। सूत्रों की माने तो पैसा भारत के युवकों का है, जो नेपाल भैरहवा में कैसिनों में जाते हैं। युवक उसे डिजिटल पे के माध्यम से पैसे भेजते हैं। परेशानी से बचने के लिए सरहद पार कर कैसिनों पहुंच जाते हैं। उधर ऐसे स्थानीय युवक एक से दो प्रतिशत कमीशन पर उनका पैसा कैसिनों तक ले जाते हैं।
भारतीय क्षेत्र नौतनवा का एक युवक नेपाल में शुक्रवार को 24 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया था। इसके बारे में अभी नेपाल पुलिस जांच कर रही है। इस बरामदगी से हवाला का धंधा मजबूत होता दिख रहा है। धंधे में रकम का लेनदेन इसी के जरिए होता है। सोने का पैसा भी इसी तरह से धंधेबाजों तक पहुंचता है।
इसी तरह रविवार को एक युवक ढाई लाख भारतीय मुद्रा के साथ नेपाल पुलिस ने पकड़ा और दोनों को बुटवल राजस्व अनुसंधान पुलिस के पास अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया। सूत्रों की माने तो भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में हवाला का धंधा बड़े ही सुनियोजित तरीके के चल रहा है। इसके लिए युवक स्कूटी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
हवाला कारोबार के सरगना कैरियर के माध्यम से रकम को भारतीय से नेपाली मुद्रा में परिवर्तित कर बट्टा की रकम से रोजाना लाखों रुपये कमा रहे हैं। भैरहवा में 24 लाख नेपाली रुपये के साथ पकड़े गए नौतनवा के युवक से पुलिस की पूछताछ में यह जानकारी मिली है।
रकम सोने की तस्करी या अवैध मनी एक्सचेंज के जरिए पहुंचाया जा रहा था। इसकी जांच नेपाल पुलिस कर रही है। भारत के बाजारों में आने वाले नेपाली मुद्रा को चार से छह फीसद बट्टा काटकर भारतीय मुद्रा देते हैं। फिर एकत्र नेपाली मुद्रा को पगडंडी रास्तों से नेपाल लाकर खपा देते हैं।
सीमावर्ती क्षेत्र अवैध एक्सचेंजरों का बना हब : सूत्रों की माने तो सोनौली और नौतनवा कस्बा अवैध रूप से संचालित मनी एक्सचेंज का प्रमुख केंद्र बना है। इन दोनों कस्बे में दर्जन भर से अधिक प्राइवेट मनी एक्सचेंज की दुकानें संचालित हैं। मनी एक्सचेंज कारोबार से जुड़े लोगों का नेटवर्क इतना सशक्त है कि इनके द्वारा नेपाल की नागरिकता हासिल कर बेलहिया, भैरहवा और बुटवल स्थित नेपाली बैंकों की शाखाओं में खाता खोलकर अब इस धंधे को संचालित किया जा रहा है। नेपाली एटीएम कार्ड से रोजाना भारतीय एटीएम से पैसे निकाले जाते हैं।
इसमें कुछ अवैध जीएसटी के कारोबारी हैं, जो नकद में फल सब्जी खरीद कर नेपाल में बिल काट कर भेज देते हैं। फिर नेपाल से पैसा मंगवा कर उक्त पैसे को नेपाली मुद्रा में बदल देते हैं जिसके बदले उन्हें चार से पांच प्रतिशत कमीशन अलग से बच जाता है।